पांच शिक्षकों और दो शिक्षामित्रों का वेतन रोका
गोरखपुर। बीएसए बीएन सिंह की अगुवाई में पिपरौली ब्लॉक के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इसमें बगैर सूचना के अनुपस्थित मिलने पर पांच शिक्षकों, दो शिक्षामित्रों और एक अनुदेशक का वेतन रोक दिया गया है। निरीक्षण करने वाली टीम में जिला समन्वयक एमडीएम दीपक पटेल और जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) राजेश मिश्र भी शामिल रहे।
इन पर हुई कार्रवाई : प्राथमिक विद्यालय तालनंबर के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार सिंह, सहायक अध्यापक अंबरीष श्रीवास्तव, वंदना राय और शिक्षामित्र शीला यादव।
प्राथमिक विद्यालय भीटी भगवानपुर के प्रधानाध्यापक कल्पना मौर्य, सहायक अध्यापक फाजिल अहमद व शिक्षामित्र सुधा सिंह।
कंपोजिट विद्यालय पिपरी की शिक्षामित्र प्रभा शुक्ला, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सीयर की अनुदेशक रचना सिंह।
नए शिक्षकों की हफ्ते भर में तैयार होगी सर्विस बुक
गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के सापेक्ष नियुक्ति हासिल करने वाले 517 नए शिक्षकों की सर्विस बुक एक सप्ताह के अंदर तैयार कर ली जाएगी। उनका पूूरा ब्यौरा मानव संपदा पोर्टल पर प्राथमिकता के आधार पर अपलोड किया जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने इसे लेकर आदेश जारी किया है।
विभाग में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में 31 हजार शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रदेशभर में नियुक्ति पाई है। पिछली भर्तियों में सहायक अध्यापकों की सर्विस बुक सालों साल तक नहीं बनती थी। इधर दो सालों से विभाग ने हर शिक्षक और कर्मचारियों की ऑनलाइन कुंडली तैयार की है। पोर्टल के तहत जिले में तैनात शिक्षकों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन किया गया है। बीएसए बीएन सिंह ने बताया कि नव नियुक्त शिक्षकों की सर्विस बुक एक सप्ताह में तैयार करने के निर्देश हैं।