सोमवार को सहारा इस्टेट आवासीय कल्याणकारी समिति के अध्यक्ष एपी त्रिपाठी, एसवी सिंह, शंभूनाथ राय, संजोग सिंह, मीडिया प्रभारी त्रिभुवन सिंह ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि कॉलोनी के सभी लोग नियमित कर जमा करेंगे। 64 लोगों ने कर जमा भी कर दिया है। करीब 100 लोगों के कर संबंधी फाइल तैयार हो गई हैं। नगर आयुक्त ने कॉलोनी के लोगों के कर जमा करने की रसीद उपलब्ध कराते हुए आश्वस्त किया कि कॉलोनी के लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। सभी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगरायुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि सहारा इस्टेट अच्छी कॉलोनी है। यह नगर निगम क्षेत्र में ही आती है लिहाजा यहां साफ-सफाई, कूड़ा एकत्रिकरण समेत सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की ही जिम्मेदारी है। साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की सुविधाएं कॉलोनी में शुरू भी करा दी गई हैं। कूड़ा एकत्र करने वाली एक और गाड़ी बढ़ाई जाएगी। कॉलोनी के लोग जागरूक हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने कर जमा करना शुरू कर दिया है।