- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, युवक अपने दोस्तों के साथ सुरक्षित मिला
पिपराइच। थानाक्षेत्र के महुअवा खुर्द गांव में शुक्रवार दोपहर हत्या की सूचना फैलने से पुलिस तीन घंटे तक हलकान रही।
सूत्रों के अनुसार, गांव के सोनू चौधरी (33) की पटीदार रीना देवी से किसी बात पर विवाद हो गया। इसी दौरान रीना के धक्का देने से सोनू गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। ग्रामीण उसे सीएचसी ले गए। इस बीच किसी ने ग्रामीणों को फोन पर बताया कि सोनू की हालत गंभीर है और वह शायद बच न पाए। इस बात से पूरे इलाके में हत्या की अफवाह फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची ने जांच शुरू कर दी।
सीएचसी के चिकित्सकों ने बताया कि सोनू के माथे पर केवल एक छोटा सा सामान्य घाव था, जिसकी मरहम पट्टी कर उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। गांव में पूछताछ की। तलाशी के दौरान सोनू अपने दोनों दोस्तों के साथ कोऑपरेटिव स्कूल पर मिला। इस संबंध में थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोनू को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है।