गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 500 बेड बाल रोग चिकित्सा संस्थान में नवजात के गायब होने की घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को चतुर्थ तल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) और बाल गहन चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू) में तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को नई व्यवस्था का पालन कराने के निर्देश दिए गए। अब निर्धारित डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी किए बिना कोई भी तीमारदार बच्चे को वार्ड से बाहर नहीं ले जा सकेगा। दरअसल, सोमवार सुबह वार्ड में भर्ती एक नवजात को उसकी मां बाहर लेकर गई और इसके बाद वह बच्ची गायब हो गई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने व्यवस्था में बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत एनआईसीयू और पीआईसीयू में भर्ती किसी बच्चे का एक्सरे, सीटी स्कैन या एमआरआई कराने के लिए दूसरे विभाग में ले जाना होगा तो उसके साथ अस्पताल का एक कर्मचारी भी जाएगा।