गोरखपुर में ऑनलाइन जालसाजों के जाल में फंसकर सहजनवां के एक युवक ने 2.60 लाख रुपये गंवा दिए। जालसाजों ने अश्लील वीडियो देखते हुए फोटो वायरल करने की धमकी देकर उससे 2.60 लाख रुपये की वसूली कर ली। इसके बाद जब आरोपी ने फिर रुपये की मांग की तो पीड़ित ने थाने में केस दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार निवासी रजनीश शुक्ल के मोबाइल पर 19 जनवरी 2023 को रात में नौ बजे एक वीडियो कॉल आई। जिसमें अश्लील वीडियो दिखाया जा रहा था। इसके बाद 21 जनवरी 2023 को शाम चार बजे दो अलग- अलग फोन नंबर से अंजान व्यक्ति ने फोन किया।
उसने रुपये की मांग करते हुए धमकाया। कहा कि यदि रुपये नहीं दिए तो अश्लील वीडियो को यू ट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर अपलोड कर देंगे। तुम्हारे घर वालों को भी वीडियो भेज देंगे।
बदनामी के डर से पीड़ित ने फोन करने वाले के बैंक खाते में 2.60 लाख रुपये भेज दिए। बाद में पीड़ित ने इसकी शिकायत एसपी क्राइम से की। उनके निर्देश पर दो अलग- अलग नंबरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी है।