पांच साल पहले पेट्रोल पंप के कारोबार में पार्टनर बनाने के लिए मांगे थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राजघाट क्षेत्र के बसंतपुर इलाके के सराफा कारोबारी से पेट्रोल पंप के कारोबार में पार्टनर बनाने के नाम पर 15 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर 15 अप्रैल को राजघाट थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बसंतपुर निवासी सराफा कारोबारी महेश वर्मा की घंटाघर में लक्ष्मी प्रसाद महेश कुमार ज्वेलर्स के नाम से फर्म है। महेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मुहल्ले के पवन कुमार श्रीवास्तव का पेट्रोल पंप उरुवा बाजार में है। महेश का कहना है कि मोहल्ले के होने की वजह से पवन से उनकी अच्छी जान पहचान हो गई थी।
महेश का आरोप है कि वर्ष 2019 में पवन उनके पास आया और बताया कि उसकी पत्नी रश्मि श्रीवास्तव उरुवा में लक्ष्मी फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप चलाती हैं, जिसे चलाने में दिक्कत आ रही है। आरोप है कि यह बताकर पवन ने उनसे पेट्रोल पंप में पार्टनर बनाने के नाम पर 15 लाख रुपये मांगे और कहा था कि इससे उनकी भी अच्छी आय होगी। पवन की स्थिति को देखते हुए महेश ने 15 लाख रुपये दे दिए थे।
रुपये वापस मांगने पर दे रहा धमकी
पीड़ित महेश वर्मा का आरोप है कि रुपये लेने के बाद पार्टनर बनाने के नाम पर पवन टाल-मटोल करने लगा। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो एक फर्जी चेक दे दिया। चेक को भुगतान के लिए जब बैंक में लगाया तो पता चला वह वैध नहीं है। इसके बाद वह काफी दिनों तक इसी तरह टाल-मटोल करता रहा। इसी बीच पांच मार्च को पीड़ित ने अपने 15 लाख रुपये मांगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा।
कोट
सराफा कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी ने कोई चेक भी दिया था, उसकी जांच की जा रही है। पूरे मामले की जांच कर संबंधित थाने की पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।
- कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी