जंगल कौड़िया में दुर्गा माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं मां और बेटी
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज (गोरखपुर)। जंगल कौड़िया में मंगलवार सुबह दुर्गा माता मंदिर में पूजा करने जा रहीं मां-बेटी के जेवर चोरी कर भाग रहीं चार महिलाओं में से एक को बेटी ने दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चेन बरामद कर लिया। पकड़ी गई महिला बड़हलगंज इलाके की रहने वाली है।
जानकारी के अनुसार गोरखनाथ क्षेत्र के शारदानगर निवासी काव्या सिंह मंगलवार सुबह मां कमलावती सिंह के साथ पीपीगंज थाना के जंगल कौड़िया स्थित दुर्गा मंदिर में दर्शन के लिए ऑटो से जा रही थीं। ऑटो में चार अन्य महिलाएं भी सवार हो गईं। उनमें से एक महिला बार-बार मां-बेटी के पैर को दबा रही थीं जिसका दोनों ने विरोध किया। इस दौरान महिलाओं ने कमलावती की चेन और बेटी की सोने की अंगूठी गायब कर दी।
चारों महिलाएं ऑटो से उतरकर पैदल जाने लगीं, तभी बेटी को जेवर गायब होने की भनक लग गई और उन्होंने शक के आधार पर एक महिला काे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसे जंगल कौड़िया पुलिस चौकी ले जाया गया जहां पुलिस ने चेन को बरामद कर लिया। जबकि तीन अन्य महिलाएं अंगूठी लेकर फरार हो गईं। पीड़िता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।