गोरखपुर। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के छूटे सामान को बरामद कर उन्हें वापस दिलाने के साथ रेलवे सुरक्षा बल ने अवैध ई-टिकट कारोबार और बच्चों की सुरक्षा के मामले में भी कार्रवाई की है। 19 से 22 नवंबर के बीच पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों के छूटे बैग, मोबाइल, कंबल, पर्स, ईयरपॉड्स समेत अन्य सामान बरामद कर सत्यापन के बाद उनके मालिकों को सौंपे गए।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार आरपीएफ कप्तानगंज ने ट्रेन संख्या 15274 के कोच एस-5 में छूटा बैग बरामद कर यात्री को लौटाया। गोरखपुर में ट्रेन संख्या 15621 के एस-1 कोच में मिला कंबल भी यात्री को सौंपा गया। प्रयागराज रामबाग में ट्रेन संख्या 22436 के सी-8 कोच से मिला ईयरपॉड्स यात्री को लौटाया गया। लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों में छूटे बैग, तकिया, लेडीज पर्स और मोबाइल भी बरामद कर यात्रियों को सुपुर्द किए गए।
ई-टिकट के अवैध कारोबार में कार्रवाई
22 नवंबर को आरपीएफ मुख्यालय की आईवीजी टीम, साइबर सेल और रेलवे सुरक्षा चौकी खलीलाबाद की संयुक्त टीम ने बस्ती के पिपरा बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से एक व्यक्ति को अवैध ई-टिकट कारोबार में संलिप्त पाया। उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।