सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अधिवक्ता प्रांजल कुमार दुबे ने पुलिस अधीक्षक, आरपीएफ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि नौ नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे वह अपने रिश्तेदार को रिसीव करने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। आरएमएस के बगल से स्टेशन की सीढ़ियों की ओर जाते समय आरपीएफ सिपाही सूरज गौड़ ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि सिपाही ने आगे जाने के लिए रुपये मांगे। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की और अपने तीन अन्य साथियों को भी बुला लिया।
प्रांजल कुमार दुबे के मुताबिक, चारों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए घसीटकर अंदर ले गए। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई। आरोप है कि उनका मोबाइल छीनकर उसमें रिकॉर्ड घटना का वीडियो डिलीट कर दिया गया। इसके बाद फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया। आरोपितों ने बंदूक के बट से उनके सीने और कमर पर प्रहार किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता का आरोप है कि उनसे ऑनलाइन 500 रुपये का भुगतान भी कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर अन्य अधिवक्ता भी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने स्टेशन के बाहर धरना देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। जीआरपी थाने में आरपीएफ सिपाही सूरज गौड़ समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। मामले की जांच इंस्पेक्टर गुलाब यादव को सौंपी गई है।