बभनान कस्बे में रोजगार मेले को संबोधित करते नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबल मालानी
बभनान। क्षेत्रीय सेवायोजन की ओर से नगर पंचायत कार्यालय परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इसमें करीब 256 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार के आधार पर तीन कंपनियों ने 127 अभ्यर्थियों का चयन किया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबल मलानी ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर युवा बढि़या नौकरी और सैलरी चाहता है। उसके सपनों को साकार करने का जिम्मा सरकार ने सेवायोजन विभाग को दिया है।
युवाओं के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। हर स्तर पर सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रही है। आधुनिक जरूरतों के हिसाब से शिक्षा में भी सरकार ने काफी सुधार किया है। तकनीकी शिक्षा में तमाम ऐसे विषय जोड़े गए हैं, जिसमें प्रशिक्षण लेने के बाद तुरंत नौकरी मिल रही है। जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने रोजगार मेला और विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मेले में निजी क्षेत्र की क्वेस कॉर्प नोएडा, एसबीआई लाइफ व लखनऊ की ब्राइट फ्यूचर कंपनी ने हिस्सा लिया।
सहायक निदेशक सेवायोजन मणिमोहन ओझा ने कहा कि जगह-जगह रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। सहायक निदेशक ने रोजगार मेले में आए आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन राहुल कुमार ने किया। मौके पर आनंद कलहंस, विजय गुप्ता, प्रमोद कुमार, पंकज श्रीवास्तव, वसीम खान, जयकुमार कुशवाहा, लालजी आदि मौजूद रहे।