गोरखपुर में शाहपुर इलाके के श्रीराम चौराहे पर बृहस्पतिवार की सुबह बाइक सवार बदमाश नर्सिंग छात्रा का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के शताब्दीपुरम कॉलोनी में सुषमा शर्मा किराये के मकान में रहकर फातिमा अस्पताल में नर्सिंग की पढ़ाई करती हैं। बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे नर्सिंग की पढ़ाई के लिए पैदल फातिमा अस्पताल जा रहीं थीं। अभी क्वार्टर से लगभग 200 मीटर आगे श्रीराम चौराहे के पास पहुंची थीं कि पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने छात्रा से पूछताछ करने के बाद चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो बदमाशों की तस्वीर कैद मिली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।