गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन व यातायात पुलिस ने रूटवार पार्किंग व्यवस्था लागू की है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पृथक पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। ताकि यातायात सुचारु रहे और मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि निर्धारित रूट और पार्किंग स्थलों का पालन करें, जिससे खिचड़ी मेला शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
रूट नंबर 1 :
बिहार, बलिया, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, मऊ, कुशीनगर, जौनपुर, लखनऊ, बस्ती और संतकबीर नगर मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा किया जाएगा।
रूट नंबर 2 :
सिद्धार्थनगर, फरेंदा, नेपाल, सोनौली, महराजगंज, पीपीगंज, कैंपियरगंज, पिपराइच, भटहट, गुलरिहा और चिलुआताल मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग भगवती महिला महाविद्यालय परिसर में की जाएगी। इसके अलावा लेबर तिराहा से रामनगर तिराहा तक सड़क के दोनों किनारों पर तथा गोरखनाथ ओवरब्रिज चढ़ने से पहले दक्षिणी छोर स्थित आरपीएफ ग्राउंड में भी वाहन खड़े किए जाएंगे।
रूट नंबर 3 :
शहर क्षेत्र राजघाट, कोतवाली, तिवारीपुर, सूरजकुंड कॉलोनी मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए नथमलपुर बगीचा को पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र मोड़ से रामनगर तिराहा तक सड़क के दोनों किनारों पर, रामलीला मैदान अधियारीबाग और मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
रूट नंबर 4 :
ग्रीन सिटी, डोमिनगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को शांतिवरन मैरेज लॉन तथा कौड़िहवा मोड़ स्थित नवनिर्मित एस्ट्रा कॉम्प्लेक्स में पार्क कराया जाएगा।
रूट नंबर 5 :
शाहपुर, असुरन, एचएन सिंह मार्ग और हड़हवा फाटक की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग अंसारी रोड गोरखनाथ स्थित दीपू पासवान और बकार हुसैन की जमीन पर की जाएगी। इसके अलावा स्प्रिंगर स्कूल मोड़ के पास सड़क की दोनों पटरियों पर भी वाहन खड़े किए जाएंगे।
प्रशासन-पुलिस वाहन पार्किंग
ड्यूटी में लगे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग मेवालाल गुरुकुल स्कूल, गोरखनाथ मंदिर गेट नंबर–4 (निकास द्वार) के पास निर्धारित की गई है।
भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया
खिचड़ी मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं। झूलेलाल मंदिर के पास स्थित रैन बसेरा (चैत्र दीप मैरेज लॉन के निकट) में 500 लोगों, महायोगी गोरखनाथ कॉम्प्लेक्स में 500 लोगों तथा इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में 400 लोगों के ठहराव की व्यवस्था की गई है।