- फ्लाईओवर और यातायात सुधार की दिशा में की गई पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र को जाम और सड़क सुरक्षा की दिशा में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (गोरखपुर-लखनऊ) स्थित सहजनवां कस्बे में सड़क सुरक्षा और यातायात मजबूत की जाएगी।
सांसद रवि किशन शुक्ल ने सहजनवां में लगातार लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण और अन्य सड़क सुरक्षा उपायों की आवश्यकता से अवगत कराया था। अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए मंत्रालय ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से सांसद को अवगत कराया है यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार के समन्वय से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित सड़क-सुगम यात्रा के राष्ट्रीय विजन को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहतर कनेक्टिविटी और दुर्घटना मुक्त सड़कों के संकल्प के अनुरूप है।