संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत वार्ड संख्या 70 चंद्रशेखर आजाद चौक (रुस्तमपुर) में बन रही नाली में नाममात्र सीमेंट व काम चलाऊ सरिया का उपयोग किया जा रहा है। पार्षद और मुहल्लेवासियों ने घटिया निर्माण को पकड़ लिया। पार्षद की शिकायत पर नगर निगम के अवर अभियंता अवनीश भारती को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई। इसके बाद घटिया निर्माण की पोल खुल गई।
पार्षद धर्मेंद्र सिंह ने जेई को बताया कि नाली के बेड में एक भी सरिया नहीं डाली जा रही है। बेड की ढलाई से पहले दिखाने के लिए सरिया बिछा दी जा रही है। नाली की दीवार में डाली जा रही यू शेप की सरिया से बेड की सरिया को तार से बांधा नहीं जा रहा है। जैसे ही बेड की ढलाई का काम पूरा हो जा रहा है, वैसे ही सरिया को निकाल लिया जा रहा है। नाली निर्माण में नाममात्र की सीमेंट मिलाई जा रही है। जेई ने नाली के बेड की खुदाई कराकर जांच की तो पता चला कि एक भी सरिया नहीं है। यू शेप की सरिया की लंबाई भी कम मिली।