गोरखपुर। नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में पांच अक्तूबर से चल रहा सेवा सेतु अभियान शुक्रवार को संपन्न हो गया। पांच दिनों तक चले अभियान में विभिन्न विभागों के शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। नगर निगम के कर विभाग ने 368 भवन स्वामियों से 48 लाख 55 हजार 141 रुपये का राजस्व जमा कराया। वहीं आधार सेवा केंद्र पर 211 नागरिकों के आधार कार्ड बनाए गए और करीब 100 लोगों को आधार से संबंधित जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 241 लोगों की चिकित्सकीय जांच कर दवाएं दी गईं जबकि 142 लोगों की मधुमेह जांच हुई। डूडा के शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 115 लोगों को जानकारी दी गई। पहली किस्त के लिए 25 नए आवेदन मिले और पांच आवेदनों पर ऋण वितरित किया गया। तीसरी किस्त के 50 हजार रुपये के ऋण के लिए चार आवेदन मिले जबकि दूसरी किस्त के लिए भी लोगों को जानकारी दी गई। परिवार पहचान पत्र योजना के तहत 64 लोगों की फैमिली आईडी बनाई गई।
मतदाता पंजीकरण शिविर में 467 लोगों को फाॅर्म-6 और फाॅर्म-8 वितरित किए गए। इनमें से 190 फाॅर्म जमा हुए। तहसील सदर के शिविर में 19 आवेदन प्राप्त हुए और 168 लोगों को विभिन्न मामलों में जानकारी दी गई। श्रम विभाग के शिविर में करीब 315 लोगों को पंजीकरण, नवीनीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। यहां 11 नए पंजीकरण सहित विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त हुए। दो लाभार्थियों को दो-दो लाख रुपये की सावधि जमा (एफडी) भी दी गई।
उद्योग विभाग के शिविर में 123 लोगों को स्वरोजगार और ऋण योजनाओं की जानकारी मिली। जिला कार्यक्रम विभाग के शिविर में 133 और प्रोबेशन विभाग के शिविर में 196 लोगों ने योजनाओं की जानकारी ली। समाज कल्याण विभाग के शिविर में 232 तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के शिविर में 104 लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने 66 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
बिजली निगम के शिविर में 41 उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। इनमें 10 शिकायतों का निस्तारण कर 23 शिकायतें दर्ज हुईं और दो उपभोक्ताओं को बिजली का भार बढ़ाने संबंधी जानकारी दी गई। छह लोगों को अन्य समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान के माध्यम से कर जमा करने, स्वास्थ्य जांच, आधार कार्ड, आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं।