भाजपा विधायक विपिन सिंह द्वारा चालक की पिटाई प्रकरण में रिटायर कस्टम सुपरिटेंडेंट एनडी सिंह सोलंकी कैंट थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर से मुलाकात कर विधायक के खिलाफ तहरीर दी। कैंट इंस्पेक्टर रवि राय को उन्होंने पेन ड्राइव में सीसी टीवी फुटेज भी सौंपा।
दूसरी तहरीर में विधायक के सरकारी गनर पर भी मारपीट में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एनडी सिंह कैंट इलाके के रूस्तमपुर में रहते हैं। पड़ोस में भाजपा विधायक विपिन सिंह का भी मकान है। पांच जनवरी को एनडी सिंह के चालक धीरू सिंह नाली पर स्लैब बनवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आए विधायक और उनके गनर ने मारपीट की। इस मामले में रिटायर अधिकारी ने मंगलवार को ऑनलाइन शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। मगर अफसरों द्वारा शिकायत ना मिलने की बात कही जा रही थी। इसे देखते हुए बृहस्पतिवार को एनडी सिंह थाने में पहुंचे और तहरीर दी। एनडी सिंह के मुताबिक जिस समय घटना हुई वह मौजूद नहीं थे।
घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई तो विधायक से इसकी वजह पूछने चले गए। आरोप है कि इस दौरान विधायक ने उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया और धमकी भी दी। चालक के साथ हुई मारपीट की घटना पूर्व कस्टम अधिकारी के घर के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी।
पोर्टल पर पंजीकृत है प्रार्थना पत्र
मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत पंजीकृत होने के बाद बुधवार को घटना की छानबीन शुरू करते हुए कैंट पुलिस पूर्व कस्टम अधिकारी के घर जाकर उनके चालक से घटना की जानकारी ली थी और सीसी टीवी फुटेज भी देखा था। पुलिस ने विधायक को थाने आकर अपना पक्ष रखने को कहा है।