गोरखपुर। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी नेतृत्व ने चार सौ से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में चार सौ पार और एक बार फिर मोदी सरकार के संकल्प को साकार करने का दारोमदार भाजपा कार्यकर्ताओं पर है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष बुधवार को पार्टी कार्यालय पर हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सर्वप्रथम मॉनिटरिंग टीम के पदाधिकारियों से प्रत्येक अभियान की प्रगति की समीक्षा की और पार्टी नेतृत्व की मंशा से अवगत कराया। बताया कि सभी अभियान आगामी पांच मार्च तक चलने हैं। इसके बाद पार्टी संगठन लोकसभा चुनाव की दृष्टि से कार्यक्रम तय करेगा।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डाॅ सत्येंद्र सिन्हा, क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, सिद्धार्थ शंकर पांडेय, डाॅ पंकज सिंह, सह मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी, ध्रुव श्रीवास्तव, मधुसूदन पांडेय, नरेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।
नारी समाज की आवाज बनें महिला मोर्चा की पदाधिकारी
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए नारी समाज की आवाज बनने की नसीहत दी। कहा कि आपकी पहचान एक भाजपा कार्यकर्ता के रूप में होना चाहिए। बैठक में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अमिता गुप्ता, सुनीता अग्रहरी, चंचला शुक्ला, कुसुमलता बौद्ध, रूपम सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहीं।