- सहारा एस्टेट के निवासियों को है पानी, सीवरेज व सफाई की समस्या
- अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में उठी थी समस्या
गोरखपुर। सहारा एस्टेट के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही पानी, सीवरेज और सफाई संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। नगर निगम अधिकारी जलकल व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक कर समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
हाल ही में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में सहारा एस्टेट की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गई थीं। इसके बाद से लगातार खबरें प्रकाशित हो रही थीं, जिसका नगर निगम ने संज्ञान लिया है। संवाद कार्यक्रम में मौजूद निवासियों ने अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने के लिए कार्यक्रम में अपनी परेशानियां रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की थी।
सहारा एस्टेट के लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था और नियमित सफाई को लेकर लगातार परेशानियां बनी हुई हैं। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है। निवासियों ने उम्मीद लगाई है कि नगर निगम और जलकल विभाग की संयुक्त पहल से कॉलोनी की मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस संबंध में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन का कहना है कि चूंकि मामले का संबंध जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था से भी है, इसलिए जलकल विभाग के साथ समन्वय बनाकर बुधवार को बातचीत की जाएगी। पूरा मामला जानने के बाद अगर संभव होगा तो कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।