कड़ी निगरानी में होगी 23 विषयों की रेट परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शोध पात्रता परीक्षा-2023 का आयोजन सोमवार से होगा। विश्वविद्यालय परिसर में बने नौ केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित होगी। पहले दिन कुल 23 विषयों के 3668 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परिसर में केवल परीक्षार्थियों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
यह परीक्षा वर्ष 2023 में आयोजित की गई थी, लेकिन समान अनुक्रमांक जैसी तकनीकी गड़बड़ियों और परीक्षा में अव्यवस्था की शिकायतों के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था। इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन इसे लेकर संवेदनशील और सख्त रुख अपना रहा है, ताकि परीक्षाएं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हों। इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को परिसर में अवकाश घोषित किया है।
मुख्य नियंता प्रो. सतीश चंद्र पांडेय ने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया कि वे अपने वाहन मुख्य द्वार स्थित स्टैंड पर ही खड़ा करेंगे। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, बैग, स्मार्ट वॉच, घड़ी, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के डिजिटल उपकरण ले जाना प्रतिबंधित हैं।
सोमवार को सुबह की पाली में 10 विषयों के 1633 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जबकि शाम की पाली में 13 विषयों के 2035 पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। मंगलवार को 13 विषयों के कुल 897 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
कम आवेदन वाले पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश शुरू
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि विश्वविद्यालय में एमएड, बीपीएड और पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसिलिंग में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई। रात में आठ बजे तक 200 से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने च्वाइस लॉक कर दिए थे। यह प्रक्रिया 30 जुलाई तक चलेगी। साथ ही सभी पीजी और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, जिसमें प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की गई थी, उसमें सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसमें पंजीकृत 536 अभ्यर्थियों में से 71 ने शुल्क भी जमा कर दिया। ऐसे अभ्यर्थियों को एक अगस्त से संबंधित विभागों में प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना होगा।