भारतीय रेल में यूनियन मान्यता के लिए अगस्त या सितंबर में प्रस्तावित है गुप्त मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेल मंत्रालय ने अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित यूनियन मान्यता के चुनाव के लिए रेल कर्मचारियों की मतदाता सूची 16 अगस्त तक जारी करने का निर्देश सभी क्षेत्रीय रेलों, उत्पादन इकाइयों को दिया है। इसके बाद से यूनियनों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों, मुख्यालय और कारखाना के कर्मचारियों को अपना पहचान पत्र शीघ्र बनवा लेने का आग्रह किया है।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं सहायक महामंत्री एनएफआईआर विनोद राय ने बताया कि भारतीय रेल में यूनियन मान्यता के लिए गुप्त मतदान अगस्त या सितंबर में प्रस्तावित है। रेलवे बोर्ड ने पत्र लिखकर सभी क्षेत्रीय रेल को निर्देशित किया है कि 16 अगस्त तक अनंतिम रूप से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की मतदाता सूची बना लें।
इस सूची में एक अगस्त तक रेलवे में नियुक्त सभी कर्मचारियों का नाम शामिल होना चाहिए। महामंत्री ने कहा कि जिन कर्मचारियों के पास अपना पहचान पत्र नहीं है, वे अपने विभागाध्यक्ष से मिलकर शीघ्र बनवा लें।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एससी अवस्थी, केएम मिश्रा, दीपक चौधरी, कुलदीप मणि त्रिपाठी, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, विजय पाठक, जयप्रकाश सिंह, देवेश सिंह, अंशुमान पाठक, निशांत यादव, अजय त्रिपाठी, एबी पांडेय आदि ने भी सभी कर्मचारियों से पीआरकेएस को मजबूत बनाने की अपील की है।