गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन में दस्तावेज नहीं जमा कराने वाले लोगों की वजह से लॉटरी की प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने लापरवाही की है, उनके संबंध में वेबसाइट पर सूचना दे दी गई है। ऐसे आवेदक 21 अगस्त तक दस्तावेजों की हार्ड काॅपी कार्यालय में जरूर जमा करा दें। इसके बाद गड़बड़ी पाए जाने पर आवेदन पत्रों को निरस्त कर दिया जाएगा।
जीडीए की ओर से खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के तहत विभिन्न श्रेणी के आवासीय भूखंड, फ्लैटों का ऑनलाइन पंजीकरण 26 मई से 25 जून 2023 तक खोला गया था। इस दौरान जमा हुए आवेदनों की जांच में सामने आया कि कई आवेदकों ने ऑनलाइन पोर्टल पर प्रपत्र दस्तावेज अपलोड नहीं किया है। इस वजह से लाटरी प्रक्रिया में विलंब हो रहा है। जीडीए की ओर से सभी आवेदकों की जांच के बाद उनकी पूरी जानकारी जीडीए की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। ऐसे लोगों को गड़बड़ी दूर करने के लिए जीडीए की ओर से मौका दिया जा रहा है।
जीडीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिन आवेदनों में गड़बड़ी है, उसे दूर करते हुए 21 अगस्त की शाम तक दस्तावेजों की हार्ड काॅपी जमा कराई जा सकती है। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित तिथि तक कमियां दूर कर आवश्यक कागजात नहीं जमा कराने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद अन्य आवेदनों पर विचार करते हुए विभिन्न श्रेणी के आवासीय भूखंड, फ्लैटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रथम चरण की ई-लाटरी से आंवटन की प्रक्रिया होगी। अधिकांश आवेदकों ने परिचय पत्र, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र सहित अन्य गड़बड़ियां की हैं।
...
वर्जन
आवेदन पत्रों की जांच की गई है। इसमें जो गड़बड़ी मिली हैं, उन्हें दूर करने का एक मौका दिया गया है। इसकी सूचना जीडीए की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। जिन लोगों के आवेदनों में गड़बड़ी है, वे लोग 21 अगस्त तक निर्देशानुसार दस्तावेज जमा करा दें। इसके बाद यदि दोबारा जांच में गड़बड़ी मिली तो आवेदनपत्र निरस्त कर दिए जाएंगे।
-महेंद्र सिंह तंवर, जीडीए उपाध्यक्ष