गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना में भूखंड एवं फ्लैट के लिए शुक्रवार से पंजीकरण शुरू हो जाएगा। पंजीकरण कराने के लिए प्राधिकरण ने 25 जून तक यानी एक महीने का मौका दिया है। जीडीए की वेबसाइट
पर जाकर घर बैठे पंजीकरण किया जा सकता है।
संपत्तियों का पूरा विवरण मसलन मूल्य, क्षेत्रफल आदि की जानकारियां वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। पंजीकरण के समय संपत्ति की कुल कीमत का 10 फीसदी जमा करना होगा। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाटरी या नीलामी के जरिए भूखंड व फ्लैट का आवंटन होगा।
184 एकड़ में खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना लांच की गई है। इसमें से करीब 109 एकड़ में खोराबार टाउनशिप जबकि 75 एकड़ में मेडिसिटी विकसित की जा रही है। शुक्रवार से राप्तीनगर विस्तार याेजना में न्यू रोहिणी के एमआइजी श्रेणी के 560 फ्लैट का पंजीकरण भी शुरू हो जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर के मुताबिक खोराबार टाउनशिप में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, मिनी एमआईजी, एमआईजी श्रेणी के करीब 2000 फ्लैट होंगे। इसके साथ ही एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी व सुपर एचआईजी श्रेणी के 362 भूखंड उपलब्ध होंगे। इस योजना में अस्पताल, पैरा मेडिकल काॅलेज, हाॅस्टल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक लैब, स्कूल, होटल, कम्यूनिटी सेंटर, मल्टीप्लेक्स, बैंक्वेट हाल, विभिन्न प्रकार के शापिंग सेंटर व शोरूम के लिए जमीन मिलेगी।