गोरखपुर जिले में जल्द ही आंगनबाड़ी और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सीडीओ की अध्यक्षता में एक नियुक्ति कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी जनपद की 18 परियोजनाओं में रिक्त पदों के लिए तैयार आरक्षण सूची का परीक्षण करेगी। कमेटी देखेगी कि आरक्षण में कोई कमी तो नहीं है। उसके बाद दो परियोजनाओं में जहां का आरक्षण अभी निर्धारित नहीं है, उसका भी निस्तारण करेगी। उसके बाद विज्ञापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बता दें कि, प्रदेश में आंगनबाड़ी व सहायिकाओं के काफी पद लंबे समय से रिक्त हैं। उन पर भर्ती की मांग लंबे समय से की जा रही थी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने को कहा गया था। इस बीच करोना की दूसरी लहर आने से प्रक्रिया ठप पड़ गई। अब उसे प्रदेश स्तर पर शुरू किया गया है। प्रदेश के अन्य जनपदों में यह प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री का जिला होने के बाद भी यहां पर इसे नहीं शुरू किया गया था।
अब उसके लिए सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है। उसमें पिछड़े, अनुसूचित सहित हर वर्ग के अधिकारियों को रखा गया है। कमेटी में जिन्हें शामिल किया गया है, उनमें जिला बचत अधिकारी बृजेश यादव, डीसी एनआरएलएम अवधेश राम, डीआईओ रेखा गाडिया शामिल हैं। इसके अलावा सदस्य सचिव के रूप में जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह को शामिल किया गया है। जिन परियोजनाओं में भर्ती होगी उन परियोजना की सीडीपीओ को भी कमेटी में शामिल किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह ने बताया कि नियुक्ति कमेटी पहले यह देखेगी कि आरक्षण का निर्धारण सही तरीके से किया गया है कि नहीं। कमेटी की बैठक एक-दो रोज में होगी। उसके बाद विज्ञापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विज्ञापन के बाद ऑनलाइन आवेदन लिया जाएगा। फिर चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।