उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लॉक डाउन का कड़ाई से पालन हो सके, इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है। अधिकारियों की गाड़ियां लगातार सड़कों व गलियों में गश्त कर रही हैं। माइक के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि कोई भी अनावश्यक अपने घरों से बाहर न निकले।
बाजार भी पूरी तरह से बंद चल रहे हैं, ऐसे में किराने सहित दवाओं की दुकानों पर काम कर रहे कर्मी देवदूत बनकर घर-घर पहुंच रहे हैं और लोगों को जरूरी सामान उपलब्ध करा रहे हैं।
लोगों को जरूरी सामान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से किराना दुकानदारों की सूची फोन नंबर सहित जारी की गई है। इसके अलावा ऑन लाइन खाद्यान्न खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
लोग इस सुविधा का लाभ भी ले रहे हैं। गांधीनगर स्थित किराने की दुकान पर काम कर रहे कमलेश ने बताया कि लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं, पूरी कोशिश रहती हैं कि लोगों को समय से सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
रामेश्वरपुरी स्थित किराने की दुकान का संचालन कर रहे संजय बातते हैं कि चाहे कोई तीन हजार का सामान ले या 50 रुपये का सबको बराबर तरजीह दी जा रही है। इसी तरह बड़ेवन स्थित किराना दुकानदार सुनील कहते हैं कि फोन करने वालों लोगों को यह समझाया जा रहा है कि परेशान मत रहिए किसी को खाद्यान्न की कमी नहीं होगी। वहीं बेलवाडाड़ी के दुकानदार सलीम भी बातते हैं कि एक फोन पर लोगों के घरों तक सामान पहुंचाया जा रहा है।