नोडल अफसर और प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार के सामने शुक्रवार को जिले भर के तमाम विभागों के अफसर भले ही सब कुछ अच्छा बताए हों मगर शासन स्तर से 2019 के दिसंबर महीने की जारी रैंकिंग दूसरा ही आइना दिखा रही है। शासन की तरफ से संचालित 120 कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन में गोरखपुर, प्रदेश में नीचे से दूसरे पायदान यानी 74वें नंबर पर है। जिले को 645 में से 339 नंबर यानी 52.56 फीसदी अंक मिले हैं। सबसे अंतिम पायदान पर बलिया जिला है।
रैंकिंग में पहले नंबर पर 90.85 फीसदी अंक के साथ हापुड़ जिला है। गोरखपुर मंडल का कुशीनगर जिला 90.16 फीसदी अंक के साथ दूसरे जबकि 89.93 फीसदी अंक के साथ सहारनपुर तीसरे नंबर पर है। 88.96 फीसदी अंक के साथ हरदोई चौथे जबकि मैनपुरी पांचवें पायदान पर है। उसे 88.59 फीसदी अंक मिले हैं। इसी तरह प्रदेश स्तर पर सभी 18 मंडलों के दिसंबर महीने की प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक गोरखपुर मंडल नीचे से चौथे यानी 15वें पायदान पर है।
मंडल को 690 में से 474 अंक मिले हैं। यानी 68.70 फीसदी अंक । पहले पायदान पर 77.79 फीसदी अंक के साथ मेरठ मंडल पहले पायदान पर, 77.44 फीसदी के साथ मुरादाबाद दूसरे, 76.43 फीसदी के साथ आगरा मंडल तीसरे, 75.74 फीसदी अंक के साथ अयोध्या चौथे और 74.60 फीसदी अंक पाकर सहारनपुर मंडल पांचवें पायदान पर है। वहीं, बस्ती मंडल प्रदेश में 9वें पायदान पर है। उसे 665 में 477 अंक यानी 71.73 फीसदी अंक मिले।