- अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद बढ़ी गीता प्रेस के पुस्तकों की मांग
- फ्लिपकार्ट और अमेजन पर निर्धारित मूल्य से कई गुना अधिक दामों पर बिक रहीं पुस्तकें
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गीता प्रेस से प्रकाशित श्रीरामचरितमानस, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा सहित श्रीराम पर आधारित कई पुस्तक फ्लिपकार्ट और अमेजन पर कई गुना अधिक दामों पर बेचकर लोगों की जेब काटी जा रही है। 400 की रामचरितमानस 699 रुपये में जबकि पांच रुपये की हनुमान चालीसा 180 रुपये में बेची जा रही है। गीता प्रेस प्रबंधन ने भी इस मनमानी पर आपत्ति जताई है।
अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर गीता प्रेस में श्रीराम पर केंद्रित सभी पुस्तकों की मांग बढ़ गई है। रामचरितमानस, हनुमान चालीसा सहित कई पुस्तक गीता प्रेस में आउटऑफ स्टॉक हो गए हैं। गीता प्रेस में पुस्तकों की कमी का फायदा ऑनलाइन समान बेचने वाली कंपनी फ्लिपकार्ट और अमेजन उठा रही है।
गीता प्रेस से प्रकाशित सचित्र, सटीक-मोटा टाइप 81 नंबर की रामचरितमानस का मूल्य 400 रुपये है। ग्रंथ को फ्लिपकार्ट पर 699 रुपये और अमेजन पर इसे 650 रुपये में बेचा जा रहा है। पांच रुपये की हनुमान चालीसा को फ्लिपकार्ट पर 180 रुपये और अमेजन पर 95 रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं 20 रुपये के सुंदरकांड का दाम फ्लिपकार्ट पर 205 रुपये व अमेजन पर 89 रुपये है।
गीता प्रेस प्रबंधन ने लिखा है पत्र
गीता प्रेस के ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल ने बताया कि फ्लिपकार्ट और अमेजन पर गीता प्रेस से प्रकाशित पुस्तकों को अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। इसकी शिकायत भी मिली है। जिसके बाद दोनों कंपनियों को पत्र लिखकर इसकी शिकायत की गई। लेकिन, कंपनियों से सकारात्मक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि ये ओपन प्लेटफार्म हैं कोई भी अपना उत्पाद बेच सकता है। इस धोखे से बचने के लिए लोगों को खुद जागरूक होना होगा। दूसरे प्लेटफार्म की जगह गीता प्रेस की पुस्तकें गीता प्रेस की वेबसाइट से ही खरीदें।