अगर आपके नाम का प्रारंभ राम से हो रहा है तो 21 जनवरी को चिड़ियाघर में प्रवेश टिकट पर 50 फीसदी की छूट मिलेगी। 22जनवरी सोमवार बंदी का दिन है, लेकिन चिड़ियाघर खुला रहेगा। अयोध्या में राम मंदिर में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को यादगार बनाने के क्रम में चिड़ियाघर प्रबंधन ने यह फैसला लिया है।
चिड़ियाघर के निदेशक डॉ मनोज शुक्ला ने बताया कि 21 जनवरी को चिड़ियाघर में आने वाले किसी व्यक्ति का नाम राम शब्द से शुरू हो रहा है तो उन्हें प्रवेश टिकट दर में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके लिए ऐसे लोगों को टिकट घर पर अपना आधार कार्ड या परिचय पत्र दिखाना होगा।
निदेशक ने बताया कि 22 जनवरी को सोमवार है और साप्ताहिक अवकाश का दिन है, लेकिन इस दिन चिड़ियाघर खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रबंधन की तरफ से ओडीओपी हॉल के सामने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने कहा- यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि 500 वर्षों के बाद प्रभु अपने मंदिर में आ रहे हैं और हम इसके गवाह बन रहे हैं।