राम मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए राजश्री ऐश्वर्या ने अपना गुल्लक तोड़ दिया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में राम मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए तारामंडल रोड स्थित कादंबिनी हाइट्स की राजश्री ऐश्वर्या ने सोमवार को अपना गुल्लक तोड़ दिया। गुल्लक से 51 हजार रुपये निकले हैं। राजश्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के नाम से चेक काटा और आरएसएस की टीम को दे दिया।
अब गुल्लक से निकला पूरा पैसा बैंक अकाउंट में जमा करेंगी ताकि राम मंदिर निर्माण के सहयोग का चेक आसानी से कैश हो सके। राजश्री की मां डॉ इंदु सक्सेना एम्स गोरखपुर में सहायक प्रोफेसर हैं। राजश्री से दक्षिणी भाग के सह संघ चालक राजेश कुमार बरनवाल ने चेक प्राप्त किया।
श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान में सहयोग का सिलसिला जारी है। आरएसएस के प्रांत प्रचारक सुभाष और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने दो लाख इक्यावन हजार रुपये का चेक प्रदान किया है।
शाही ग्लोबल अस्पताल के निदेशक डॉ. शिवशंकर शाही और वरिष्ठ सर्जन डॉ. दिलीप मणि त्रिपाठी ने भी मंदिर निर्माण के लिए अलग-अलग दो लाख इक्यावन हजार रुपये की सहायता राशि दी है।