गोरखपुर। युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में गोरखनाथ मंदिर में सात दिवसीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के साथ समाज और राष्ट्र को प्रभावित करने वाले समसामयिक विषयों पर सम्मेलन भी होंगे।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि श्रद्धांजलि समारोह 24 से 30 सितंबर तक सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। वहीं, 23 से 29 सितंबर तक दोपहर तीन से शाम छह बजे तक महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान-यज्ञ होगा। वृंदावन के रेवासा धाम से पधारने वाले मलूकपीठाधीश्वर, श्रीमद्जगद्गुरु द्वाराचार्य और अग्रपीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य कथाव्यास होंगे। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह से अखंड ज्योति और श्रीमद्भागवत महापुराण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा कथा स्थल महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन पहुंचेगी जहां इसके बाद कथा ज्ञान-यज्ञ का शुभारंभ होगा।