गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तिथि राजभवन (जन भवन) ने तय कर दी है। एमएमएमयूटी में पांच और डीडीयू में छह अगस्त को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को तिथि की घोषणा के साथ ही दोनों संस्थान तैयारियों में जुट गए हैं।
जन भवन ने इस बार अगस्त तक सभी विश्वविद्यालयों में सत्र 2025-26 का दीक्षांत समारोह संपन्न कराने को लेकर अप्रैल में प्रदेशभर के राज्य विश्वविद्यालयों को दिशा-निर्देश जारी किया गया था। इसके बाद डीडीयू और एमएमएमयूटी ने जुलाई में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल का समय मांगा था। अब जन भवन की ओर से दीक्षांत की तिथि की घोषणा हो गई है।
डीडीयू का दीक्षांत समारोह पारंपरिक रूप से दीक्षा भवन में होता है। सत्र 2024-25 के दीक्षांत के दौरान दीक्षा भवन का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा था। इस वजह से दीक्षांत का आयोजन योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में किया गया था। दीक्षा भवन के जीर्णोद्धार का कार्य अभी चल रहा कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि करीब एक महीने में दीक्षा भवन के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो जाएगा। इस बार आयोजन दीक्षा भवन में ही होगा।
दोनों विश्वविद्यालयों में चल रहा मूल्यांकन कार्य
एमएमएमयूटी में सभी परीक्षाएं संपन्न हो गई हैं। डीडीयू में यूजी व पीजी प्रथम वर्ष को छोड़कर अन्य सभी परीक्षाएं संपन्न हो गई हैं। दोनों संस्थानों में मूल्यांकन कार्य चल रहा है। एमएमएमयूटी में मई के अंत तक सभी परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। डीडीयू में 15 जून की डेडलाइन दी गई है।
बोलीं डीडीयू की कुलपति
इस संबंध में डीडीयू की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि जन भवन की ओर से दीक्षांत की तिथि छह अगस्त को तय हो गई है। इसे लेकर पहले से ही तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न समितियों का गठन पहले ही कर दिया गया है।
बोले एमएमएमयूटी के कुलपति
इस संबध में एमएमएमयूटी के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में दीक्षांत का आयोजन पांच अगस्त को होगा। इसके लिए विभिन्न समितियां गठित गठित कर दी गई हैं। टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू कीी जाएगी। मई में ही सभी परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।