नेपाल की पहाड़ियों और स्थानीय क्षेत्र में बारिश थम जाने से राप्ती और रोहिन नदी के जलस्तर में गिरावट आई है। इससे नदी के आसपास रहने वाले लोगों को काफी राहत मिली है। दो दिन पहले नेपाल की ओर से 1.10 लाख क्यूसेक पानी छोड़ देने से गोरखपुर- बस्ती मंडल में राप्ती समेत कई नदियां उफना गई थीं।
जिले से होकर बहने वाली नदियों का जलस्तर बुधवार को चढ़ाव पर दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को भी पानी के बढ़ने की आशंका थी, लेकिन राहत रही। बर्डघाट में राप्ती का जलस्तर सुबह आठ बजे 73.520 मीटर था, जो शाम चार बजे 73.500 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 74.98 मीटर निर्धारित है। घाघरा नदी का पानी, अयोध्या पुल पर सुबह आठ बजे 91.140 और शाम चार बजे 91.100 मीटर रहा। हालांकि तुर्तीपार में नदी चढ़ाव पर रही।
सिंचाई विभाग अधीक्षण अभियंता दिनेश सिंह ने कहा कि अधिकांश नदियों के जलस्तर में बृहस्पतिवार को गिरावट दर्ज की गई। निगरानी की जा रही है। बाढ़ को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।