सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरा स्थापित होगा
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा रैन बसेरों के औचक निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरा स्थापित किए जाने के लिए कड़ा पत्र भेजा है। इन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही निरंतर निगरानी की सख्त हिदायत भी दी है।
मुख्य सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में अवगत कराया गया है कि सभी चिकित्सालयों, मेडिकल कॉलेजों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों श्रमिकों के कार्य स्थलों, बाजारों में अनिवार्य रूप से रैन बसेरा संचालित किए जाएं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, निकाय प्रशासन व विकास प्राधिकरण आदि का भी अपेक्षित सहयोग लिया जाए। रैन बसेरों में ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों, जिनके पास ठहरने की सुविधा नहीं है, खासकर चिकित्सा व रोजगार आदि के लिए बाहर से आने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाए। रैन बसेरों में साफ-सफाई, स्वच्छ बेड शीट, कंबल, गरम-पानी, सीसीटीवी आदि की व्यवस्था के साथ ही केयर टेकर भी तैनात हो। महिलाओं व पुरुषों के सोने व शौचालय आदि की भी अलग-अलग व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त धनराशि के मद्देनजर कंबल का वितरण कराने के लिए भी हिदायत दी गई है। अपर जिलाधिकारी सीताराम गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देश का अनुपालन करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।