अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने महासम्मेलन में हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना लागू करनी होगी। क्योंकि रिटायर्ड होने के बाद यही एक मात्र सहारा है। पेंशन नहीं मिलेगी तो जीवन यापन मुश्किल हो जाएगा।
रविवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पास संयुक्त क्रू लॉबी पर आयोजित पेंशन महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि इंडियन रेलवे इंप्लाइज फेडरेशन आईआरईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि अब सरकारें पुरानी पेंशन के मुद्दे पर चुनी जा रही हैं। यदि केंद्र व राज्य सरकारें पुरानी पेंशन बहाल नहीं करेंगी तो सत्ता से बाहर हो जाएंगी।
मुख्य वक्ता फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र पॉल ने कहा कि नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के राष्ट्रीय आह्वान पर एक अक्तूबर को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में होने वाली पेंशन शंखनाद रैली में रेलवे से लाखों कर्मचारी भागीदारी करेंगे। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली सरकारी कर्मचारियों का सबसे बड़ा मुद्दा है।
नेशनल मूवमेंट टू सेव रेलवे के राष्ट्रीय प्रचार सचिव डॉ. कमल उसरी ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार पैसेंजर ट्रेनों का किराया एक्सप्रेस के बराबर कर रही है। वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों के एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव श्रेणी के किराए में 25 प्रतिशत तक कटौती कर रही हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे, फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस के अध्यक्ष बने कृष्ण कुमार
महासम्मेलन के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे, फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे के जोनल संयोजक राकेश कुमार ने गोरखपुर टीम के पदाधिकारियों की घोषणा की। इसमें गोरखपुर प्रभारी/अध्यक्ष कृष्ण कुमार बनाए गए। पेंशन महासम्मेलन में विनय शर्मा, शिवपूजन वर्मा, मोहम्मद अब्दुल हलीम, सुभाष दुबे, प्रदीप श्रीवास्तव, विजयनाथ ठाकुर, विभेष सिंह राजपूत मौजूद रहे। संचालन जोनल महासचिव जेएन शाह ने किया। फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे, वाराणसी मंडल संयोजक संतोष सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
-
प्रधानमंत्री लाएं पुरानी पेंशन बहाली बिल
गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने रविवार को रेलवे कर्मचारी संघ भवन में बैठक की। पीआरकेएस के महामंत्री विनोद राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने बहुप्रतीक्षित बिलों को पास करने के लिए 18 सितंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। सत्र में प्रधानमंत्री पुरानी पेंशन बहाली बिल लाकर देश के करोड़ों कर्मचारी के भविष्य को सुरक्षित कर उनके सपनों को साकार करें।
कहा कि यदि सरकार इस सत्र में पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती हैं, तो देश के करोड़ों कर्मचारी, शिक्षक सरकार के विरुद्ध मतदान करने को विवश होंगे। उन्होंने कहा की सरकार वरिष्ठ नागरिकों की रेल यात्रा रियायत और देश के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड बनाकर बुढ़ापे में उनके इलाज की व्यवस्था कराएं।
इस अवसर पर वरुण वर्मा बैरागी, गोविंद, इंजीनियर रामसमुझ शर्मा, राजेश सिंह, श्याम नारायण शुक्ला, अशोक पांडेय, कनिष्क गुप्ता, तारकेश्वर शाही, यशवीर श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार, अनूप कुमार, प्रभु दयाल सिन्हा, जामवंत पटेल मौजूद थे। संवाद