गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) के महामंत्री विनोद कुमार राय ने रेल कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर रोष व्यक्त करते हुए समस्या के समाधान के लिए रेलवे के अधिकारियों से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि पास पर वेटिंग टिकट व हेल्पडेस्क से कतार लग रही है। इससे रेलकर्मी परेशान हो रहे हैं। उनकी मांग है कि रेलकर्मियों को कंफर्म टिकट की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड की ओर से मैनुअल पास व्यवस्था को पूरी तरह बंद कर शत-प्रतिशत एचआरएमएस ऑनलाइन प्रक्रिया लागू किए जाने से गैर-डिजिटल व कम पढ़े-लिखे कर्मचारियों, दिव्यांगों और बुजुर्ग पेंशनरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एनएफआईआर के महामंत्री डॉ. एम. राघवैया व अध्यक्ष गुमान सिंह के ने बोर्ड के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे बोर्ड ने हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए थे। हेल्पडेस्क सेंटरों पर कुप्रबंधन का आलम यह है कि वहां घंटों लंबी कतारें लग रही हैं। सर्वर ठप रहने और नेटवर्क की विफलता के कारण बुजुर्ग व दिव्यांग कर्मचारियों को दिन-भर इंतजार करना पड़ता है। उन लोगों की मांग है कि कर्मचारियों केा कोटा निश्चित कर कंफर्म बर्थ दिया जाए।