कौवाबाग अंडरपास का निरीक्षण करते रेलवे जीएम राजीव अग्रवाल और अन्य रेल अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने मंगलवार को इंजीनियरों की टीम के साथ निर्माणाधीन कौवाबाग अंडरपास का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और इसे जल्द पूरा करें। महाप्रबंधक ने जलनिकासी को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि अंडरपास से निकलने वाले रास्ते पर शेड लगाए गए हैं और स्लोप ऐसा बना है कि पानी अंडरपास में नहीं जाएगा। फिर भी विकल्प के लिए संपवेल लगाए जाएंगे।
महाप्रबंधक ने इंजीनियरों से कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए अंडरपास के अंदर और बाहर पथ प्रदर्शक लगाए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि फरवरी तक काम पूरा करा लिया जाएगा। महाप्रबंधक अंडरपास के दोनों क्षोर की ओर गए। अधिकारियों ने बताया कि क्रासिंग के नीचे सभी बाक्स सेट हो गए हैं। दक्षिण की तरफ का अप्रोच मार्ग लगभग तैयार है। उत्तर की तरफ तेजी से निर्माण चल रहा है। फिनिशिंग कार्य चल रहा है। अब कार्य पूरा होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। कौवाबाग रेलवे क्रासिंग पिछले दो वर्षों से बंद है। लोग धर्मशाला और मोहद्दीपुर के रास्ते आते हैं।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) सुधांशु शर्मा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर सतीश कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक आलोक सिंह, उप मुख्य इंजीनियर (गोरखपुर क्षेत्र) रवींद्र मेहरा सहित अन्य इंजीनियर और अधिकारी मौजूद थे।