आज से आरक्षण केंद्र पर तत्काल टिकट लेने के लिए बदल जाएगा नियम
गोरखपुर। रेलवे में तत्काल टिकट की बुकिंग के लिए मंगलवार से नियम बदल जाएगा। आरक्षण फॉर्म पर अब आधार नंबर लिखना होगा, इससे लिंक मोबाइल नंबर भी पास में रखना है। इसी नंबर पर ओटीपी (वन टाइप पासवर्ड) आएगा, जिसके बताने पर टिकट की बुकिंग हो सकेगी।
तत्काल टिकट में दलालों की सेंधमारी रोकने के लिए रेलवे ने अब नियम में बदलाव कर दिए हैं। एक जुलाई 2025 से आईआरसीटीसी की वेबसाइट को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना टिकट की बुकिंग नहीं हो रही है। वहीं, अब 15 जुलाई से ऑनलाइन की जाने वाली तत्काल बुकिंग के लिए आधार-आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य हो जाएगा।
इसी प्रकार पीआरएस काउंटरों पर आधार और आधार से लिंक मोबाइल नंबर ले जाना होगा, टिकट बुक होते समय मोबाइल पर ओटीपी आएगा, जिसे बुकिंग क्लर्क को बताना होगा। ओटीपी को कंप्यूटर पर फीड करते ही टिकट बन जाएगा।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अधिकृत टिकट एजेंटाें के लिए भी बुकिंग के समय में बदलाव किया गया है। वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित दोनों श्रेणियों के लिए तत्काल बुकिंग शुरू होने के पहले तीस मिनट के दौरान वे टिकट बुक नहीं कर पा रहे हैं। वातानुकूलित श्रेणियों के लिए सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक और गैर-वातानुकूलित श्रेणियों के लिए 11:00 बजे से 11:30 बजे तक तत्काल टिकट की बुकिंग होती है।
सीपीआरओ ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वह इन संशोधित नियमों की जानकारी प्राप्त करें और यात्रा योजना बनाते समय इन दिशा-निर्देशों का पालन करें।