लगातार अदालत से गैर हाजिर रहने की दशा में न्यायालय ने आरोपी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की सभी संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया है। इसके तहत पुलिस ने जनपद महराजगंज और लखनऊ में अमरमणि की संपत्ति पाए जाने की रिपोर्ट न्यायालय को सौंपी। दोनों संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई शुरू हुई। इस क्रम में कोतवाली पुलिस ने 13 अप्रैल को महराजगंज जनपद में इनके नौतनवा स्थित आवास को कुर्क किया था।
30 अप्रैल को इसकी रिपोर्ट न्यायालय में पेश भी की गई। जबकि लखनऊ स्थित उनकी संपत्ति की कुर्की के लिए पुलिस ने मोहलत की अर्जी लगाई। न्यायालय ने पुलिस को कुर्की के लिए समय तो दे दिया, मगर न्यायाधीश ने न्यायालय में गोपनीय पत्र प्राप्त होने का जिक्र किया। कोतवाली पुलिस को आदेश दिया था कि गुमनाम पत्र में बताई गई संपत्तियों की जांच करके यदि गोरखपुर में भी आरोपी अमरमणि की संपत्ति पाई जाए तो उसे भी कुर्क किया जाए। इसके संबंध में पुलिस की आख्या का इंतजार है।