गोरखपुर। शहर में अवैध रूप से खून की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात भगत चौराहे के पास एक कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी) बरामद किया। मामले में मुरादाबाद निवासी फहीम अहमद और ताज गुड्डू को गिरफ्तार किया गया है। बरामद खून मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से लाया जा रहा था। इसे शहर के आरोग्य ब्लड बैंक में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से वाहनों में छिपाकर खून लाने और उसे ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह की सूचना मिल रही थी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर रामगढ़ताल चौकी प्रभारी अमित चौबे ने जांच शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से मुरादाबाद से ब्लड की खेप शहर पहुंचने की सूचना मिली।
इस पर औषधि निरीक्षक श्रीध्वजेश्वर शुक्ला को जानकारी देकर संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने एलआईसी कार्यालय के पास घेराबंदी कर यूके नंबर की सफेद ऑल्टो कार को रोक लिया। तलाशी में पिछली सीट पर रखे कार्टून के पैकेट से 40 और डिक्की में रखे थर्माकोल के डिब्बे से 60 ब्लड बैग मिले। इस तरह कुल 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद हुए।
कोल्ड चेन का पालन नहीं, तारीखें भी गायब
जांच में सामने आया कि ब्लड के परिवहन और रखरखाव में निर्धारित कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर कलेक्शन और एक्सपायरी की तिथि भी दर्ज नहीं थी। औषधि निरीक्षक ने दोनों डिब्बों से एक-एक यूनिट ब्लड का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते दाम पर खून खरीदते थे और मांग के अनुसार अलग-अलग ब्लड बैंकों को ऊंचे दाम पर बेचते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है। तस्करी में इस्तेमाल ऑल्टो कार भी सीज कर दी गई है।
मुरादाबाद से कार में छिपाकर लाए जा रहे 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद किए गए हैं। ब्लड के रखरखाव में कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर कलेक्शन और एक्सपायरी की तिथि भी दर्ज नहीं थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी गई है। बरामद ब्लड के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।
- डॉ. कौस्तुभ, एसएसपी