नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल। (file)
- फोटो : अमर उजाला
नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल की ओर से मेडिकल कॉलेज रोड के नाले के लेवल और सैकड़ों मोहल्लों में जलभराव का मुद्दा विधानसभा में उठाने के बाद अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विभागाध्यक्ष और इंजीनियर इन चीफ मामले की जांच करने गोरखपुर आएंगे। विभाग के मुख्य सचिव ने विभागाध्यक्ष आरआर सिंह को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है।
सोमवार को लखनऊ में नगर विधायक डॉ. अग्रवाल के साथ पीडब्ल्यूडी के अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण, सचिव रंजन कुमार तथा विभाग के विभागाध्यक्ष और इंजीनियर इन चीफ आरआर सिंह की बैठक हुई। बैठक के दौरान नगर विधायक ने बताया कि वो नगर आयुक्त की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से मोहल्लों से निकलने वाले नालों तथा निर्माणाधीन मेडिकल नाले के लेवल की जांच करवा चुके हैं। जांच में मोहल्लों के नालों का लेवल मेडिकल नाले से 80 सेमी नीचे पाया गया। नगर आयुक्त ने लिखित रूप से कह दिया है कि मेडिकल रोड बनने के बाद आसपास के मोहल्लों में जलजमाव होगा।
जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी अभियंताओं को लिखित रूप से निर्देशित किया कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ लोक निर्माण विभाग फिर से नालों की लेवलिंग कराए और उसके हिसाब से नये सिरे से नाले बनाये जायें। वहीं संपवेल के जरिए पानी निकालने संबंधी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की बात को भी उन्होंने गलत करार दिया। इसके बाद विभाग के अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने पीडब्ल्यूडी के विभागाध्यक्ष तथा इंजीनियर इन चीफ आरआर सिंह को गोरखपुर पहुंचकर नगर विधायक की उपस्थिति में जांच करने और सारी समस्याओं के समाधान का रास्ता निकालने का निर्देश दिया।