गोरखपुर। मंडलीय जीएसटी की टीम ने कुशीनगर के सुकरौली स्थित एक व्यापारी की फर्म पर छापा मारकर कर की चोरी पकड़ी है। टीम ने मौके पर ही व्यापारी से 2.77 लाख रुपये जमा करवाए हैं। लोहे के स्क्रैप कारोबारी ने अपनी फर्म से प्रतिमाह का व्यापार 12 हजार रुपये दिखाया है, जबकि फर्म के रिकाॅर्ड के अनुसार पिछले वर्ष दो करोड़ रुपये का स्टाॅक मंगवाया गया था।
एडिश्नल कमिश्नर ग्रेड टू संजय कुमार के निर्देश पर ज्वाइंट कमिश्नर उदित नारायण सिंह के साथ सुनील वर्मा की टीम ने सुकरौली स्थित कश्यप फर्म पर छापा मारा। मौके पर निदेशक दयानंद मिले। उनके प्रपत्रों की जांच की गई तो उनके पास 12 हजार आय का प्रमाणपत्र मिला। गोदाम और फर्म के अन्य कागजों की जांच की गई तो इनके द्वारा वित्तीय वर्ष 23 और 24 में दो करोड़ रपये का लोहे का स्क्रैप मंगवाया गया था।
जांच में पाया गया कि पीछे से मंगाए जा रहे स्क्रैप पर तो इनपुट टैक्स क्रेडिट ( आईटीसी) का लाभ लेते हुए आगे खुद टैक्स जमा नहीं कर रहे थे। ज्वाइंट कमिश्नर अनिल वर्मा ने बताया कि लोहे के स्क्रैप पर नियमानुसार दिए जाने वाले कर की चोरी मिली है। मौके पर ही व्यापारी से 2.77 लाख रुपये जमा करवाया गया है। कागजों की जांच कराई जा रही है, मूल्यांकन पूरा होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।