गोरखपुर। पंजाबी समाज ने मंगलवार के लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया। गुरुद्वारों से लेकर घरों तक लोहड़ी का उल्लास देखने का मिला। शहर के प्रमुख गुरुद्वारा जटाशंकर, पैडलेगंज और मोहद्दीपुर के साथ ही सभी पंजाबी मंदिर और घरों में अरदास के बाद लोहड़ी जलाकर समाज और परिवार की खुशहाली मांगी गई।
लोगों ने पारंपरिक अंदाज में लोहड़ी को मनाया और एक-दूसरे को प्रसाद खिलाकर बधाई दी। गुरुद्वारा जटाशंकर में मनाए जा रहे उत्सव में सत्संग के साथ उल्लास का माहौल दिखा। सभी वर्ग के लोगों ने गुरु के सामने अरदास की फिर लोहड़ी जलाई। लोहड़ी पर्व की शुरुआत गुरुद्वारा जटाशंकर में रात आठ बजे गुरबाणी और अरदास से हुई। सत्संग के बाद कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा प्रांगण में आकर लोहड़ी की अरदास की और भजन गाकर लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की। इस दौरान लोहड़ी की विशेष परंपरा के रूप में मूंगफली, मक्का, गुड़, रेवड़ी, चना और ड्राई-फ्रूट को प्रसाद के रूप में पहले लोहड़ी की अग्नि को समर्पित किया। इसके बाद उस प्रसाद को सभी ने बांटा। गुरुद्वारा के प्रमुख ग्रंथी ज्ञानी राज सिंह ने यहां आने वाले श्रद्धालुओं को लोहड़ी के इतिहास के बारे में जानकारी देकर सर्व मंगल की कामना की। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू व आभार ज्ञापन अध्यक्ष जसपाल सिंह ने किया।
इस मौके पर रजिंदर सिंह, रविंद्र पाल सिंह पप्पू, चरनप्रीत सिंह मंटू, धर्मपाल सिंह राजू, हरप्रीत सिंह साहनी, अशोक मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।