महराजगंज। जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची के प्रकाशन के संदर्भ में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता एवं निर्वाचक सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रकाशित सूची का गहन अध्ययन कर अपने सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक संशोधन एवं सुधार किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रकाशित आलेख्य सूची की एक-एक प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि आयोग का उद्देश्य है कि प्रत्येक मतदाता को मतदान का अवसर सहज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से प्राप्त हो। इस दिशा में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग अपेक्षित है। जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि यदि कोई मतदेय स्थल के रूप में चिंह्नित भवन जर्जर हो अथवा आबादी से बहुत दूर हो तो उसके विषय में भी अवगत कराएं ताकि मतदेय स्थल के रूप में उपयुक्त भवन को चिंह्नित किया जा सके।