फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, परिजनों ने मांगा मुआवजा

विज्ञापन
विज्ञापन
चौरीचौरा इलाके में धान कटाई के विवाद में युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या का मामला
विज्ञापन

मुख्य आरोपी व उसकी मां को भिजवाया जेल, विधायक ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन से की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
सरदारनगर। चौरीचौरा इलाके के जंगल मठिया में जमीन के विवाद में विपिन पासवान (32) की हत्या मामले में नाराज परिजनों ने घर के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। मुआवजे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग अड़े परिजनों ने करीब 45 मिनट तक हंगामा किया। इस दौरान पहुंचे अफसरों ने समझा-बुझाकर शांत कराया। साथ ही मुआवजे के रूप में करीब 5.30 लाख रुपये दिए। इधर, गिरफ्तार मुख्य आरोपी रोशन सिंह व उसकी मां इंद्रावती को जेल भिजवा दिया। वहीं शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम ने दोबारा घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किया।
जंगल मठिया में बृहस्पतिवार को विवादित जमीन में धान की फसल काटने को लेकर रामगोपाल पासवान और गगड़ा गांव निवासी राेशन सिंह ने विवाद हो गया था। इससे नाराज रोशन सिंह ने रामगोपाल पासवान व उनके तीनों बेटों मार्कंडेय, विपिन और अखिलेश के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। इसमें विपिन की मौत हो गई थी। जबकि रामगोपाल व उनके दो अन्य बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में मृतक की भाभी फूलमती की तहरीर पर रोशन सिंह, सोनू सिंह व उसकी मां इंद्रावती के खिलाफ केस दर्ज किया था। रोशन और उसकी मां गिरफ्तार भी कर लिया था। जबकि तीसरा आरोपी सोनू सिंह भागा हुआ है।
विज्ञापन

सीओ चौरीचौरा मनीष शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। भागे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

परिजनों ने जमीन आवंटन का भी भरोसा दिलाया

परिजनों ने घर के पास सड़क पर शव रखकर 45 मिनट तक धरना दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार संजय सिंह ने परिवार को 5 लाख रुपये कृषक बीमा योजना से, 30 हजार रुपये पारिवारिक लाभ के रूप में दिया। साथ ही जमीन आवंटन का भरोसा भी दिलाया। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने भी कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। जंगल मठिया गांव में घटना के बाद से तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे इलाके में अतिरिक्त चौकसी बरत रही है।

फॉरेंसिक टीम ने लिया खून का सैंपल
शुक्रवार सुबह सीओ मनीष कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर वेद प्रकाश शर्मा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत में गिरे खून के धब्बों का सैंपल एकत्र किया। वहीं एसडीएम कुंवर सचिन सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

विधायक ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
चौरीचौरा विधायक ई. सरवन निषाद ने शुक्रवार को मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला प्रशासन से बात कर आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की बात कही। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ, आर्थिक सहायता और बच्चों को निशुल्क शिक्षा दिलाने का वादा किया। विधायक ने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसे सजा जरूर मिलेगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।
विज्ञापन



पत्नी ने की एनकाउंटर की मांग
विपिन का शव घर पहुंचने के बाद कोहराम मच गया। विपिन की पत्नी आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। पूरे गांव में मातम है। लोग बच्चों की हालत देखकर भावुक हो रहे थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें