गोरखपुर। असुरन-पिपराइच सड़क को फोरलेन की जगह टू लेन करने मांग को लेकर व्यापारियों का विरोध-प्रदर्शन तीसरे दिन भी चला। सोमवार को व्यापारियों ने पहले कमिश्नर कार्यालय फिर नगर निगम परिसर में एकत्रित होकर प्रर्दशन किया। कमिश्नर की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त प्रशासन कुंवर बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपा। साथ ही नगर आयुक्त को भी ज्ञापन देकर दुकानों को बचाने और सड़क को टू लेन बनाने की गुहार लगाई गई। व्यापारी मंगलवार को गीता वाटिका के निकट बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे।
कमिश्नर कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने बताया कि अपर आयुक्त प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि इस मामले में शासन स्तर पर वार्ता की जाएगी। वहीं, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने वार्ता के दौरान कहा कि मांगों पर विचार करने के लिए उच्चाधिकारियों तक बात की जाएगी। आप सभी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर निगम की भी काफी दुकानें इसकी जद में हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने बताया कि यह रोड आवासीय व व्यवसायी क्षेत्र में आता है। त्योहारों के समय में इस बाजार से करोड़ों की खरीदारी होती है। हमारी आमदनी दुकानों के टूटने से समाप्त हो जाएगी। व्यापारी आयुष ने कहा कि असुरन से मेडिकल और असुरन से कौवाबाग जेल बाईपास से पादरी बाजार जाने वाला रास्ता भी फोरलेन हो चुका है, जिससे ट्रैफिक लोड बंट चुका है। ऐसे में असुरन से पादरी बाजार तक रोड को फोरलेन करने का कोई औचित्य नहीं है। कपड़ा व्यापारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यदि असुरन से पादरी बाजार की सड़क के प्रस्तावित फोरलेन परियोजना में संशोधित कर उसे टू लेन कर दिया जाए तो हजारों लोग सड़क पर आने से बच जाएंगे, आवाजाही भी प्रभावित नहीं होगी।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि मंता लाल यादव, बहादुर निषाद, नितिन जायसवाल, सुग्रीव वैश्य, राजेश सिंह, कन्हैया मिश्र, अविनाश सिंह, विशाल गुप्ता, गोपाल समेत अन्य व्यापारी और भवन स्वामी मौजूद रहे।