सहजनवां में बस्ती के कपड़ा व्यापारी पुत्र अपहरण के आरोपियों के मकान को जब्त करती टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
बस्ती के रुधौली इलाके के कपड़ा व्यापारी अशोक कसौधन के सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे अखंड के अपहरण के आरोपियों की संपत्ति रविवार को जब्त की गई। बस्ती के डीएम के आदेश पर आई पुलिस व प्रशासन की टीम ने सहजनवां के पाली गांव में आरोपी सूरज सिंह और आदित्य सिंह के खेत व चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया। इसकी कीमत 18 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पाली गांव निवासी सूरज सिंह और आदित्य सिंह उर्फ धीरज पुत्र कृपानंद सिंह सगे भाई हैं। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त मिले हैं। बस्ती जनपद के रुधौली थाने में दोनों भाइयों के खिलाफ गैंगस्टर का केस दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें: सीडीआर से सामने आया छह कत्ल का सच, प्रेम को किसी ने कॉल नहीं की थी, वो खुद गया लेहड़ा टोला
डीएम बस्ती के आदेश पर रविवार को रुधौली थाने की पुलिस सहजनवां तहसील पर पहुंची और डीएम के आदेश से अवगत कराया। तहसीलदार आरके कन्नौजिया के नेतृत्व में पहुंची फोर्स ने नगर के वार्ड नंबर 16 केशोपुर में स्थित 101.25 वर्ग मीटर भूमि और एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया। जब्तीकरण के दौरान नायब तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, लेखपाल रत्नेश मणि, एसआई राहुल मिश्र आदि उपस्थित रहे।