गोरखपुर। मोहर्रम के मौके पर जुलूसों का सिलसिला जारी है। शनिवार को छठवीं मोहर्रम का जुलूस विभिन्न इमामबाड़ों से परंपरागत मार्गों से निकाला गया। रौशन चौकियां और सद्दे आकर्षण का केंद्र रहे। इन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ी रही।
मियां बाजार के कंकर की ताजिया इमामबाड़े के साथ असकरगंज, नखास चौक, इस्माइलपुर का जुलूस खूनीपुर सहित विभिन्न इमामबाड़ों से शुरू हुआ। परंपरागत मार्गों से निकलकर सभी नखास चौक पहुंचे। वहां से सभी जुलूस बक्शीपुर, थवई पुल, अलीनगर, चरन लाल चौक, ईदगाह रोड बेनीगंज, जाफरा बाजार, कर्बला, घासीकटरा चौराहा, मिर्जापुर के रास्ते वापस अपने-अपने इमामबाड़ाें पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
जुलूस को बेनीगंज पहुंचने पर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के जिलाध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद ने पूरी टीम के साथ उस्तादों का खैर मकदम किया। शहनाई वादक अपनी कला से मातमी धुन निकाल कर कर्बला में शहीदों को खेराजे अकीदत पेश कर रहे थे। उसके पीछे ऊंट की लंबी कतार, घोड़ा, सद्दा, बैंड व पारंपरिक ढोल-ताशा लोगों को आकर्षित कर रहा था।
जुलूस का इस्तकबाल करने वालों में हाजी सोहराब खान, तौकीर आलम, शकील शाही, सैयद वसीम इकबाल, हामिद अंसारी, मोहम्मद आदिल अख्तर खान, महफूज आलम, मिन्नत गोरखपुरी, फजल खान सहित तमाम लोग शामिल रहे।
इसके अलावा पूर्वांचल का मशहूर मेहंदी का जुलूस इमामबाड़ा शेख झाऊ खूनीपुर मुतवल्ली हाजी शेख शकील अहमद के नेतृत्व में निकाला गया। निजामपुर व बौदी की मेहंदी का जुलूस भी अदबो-अहतराम के साथ निकाला गया।
इमाम चौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने किया स्वागत
गोरखपुर। मोहर्रम की छठवीं को असकरगंज, रेती और शाहमारूफ सहित अन्य मोहल्लों से निकले जुलूसों के मुतवल्लियों और अखाड़ों के उस्तादों का इमाम चौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल्लाह, कमेटी कन्वीनर हाजी कलीम अहमद फरजंद और सचिव शकील अहमद अंसारी के नेतृत्व में बक्शीपुर में कमेटी के सदस्यों ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में शीश महल दरगाह जाफरा बाजार के गद्दीनशीन सज्जाद अली रहमानी, पार्षद उजैर अहमद, पूर्व पार्षद नबीउल्लाह अंसारी, मुर्तजा हुसैन रहमानी, मंसूर आलम, रजी अहमद, अकील अहमद मुन्ना आदि मौजूद रहे। ब्यूरो