छह दिन तक आदेश के बावजूद नहीं हुआ था चार्ज हस्तांतरण
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नवागत प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार के आदेशों के अनुपालन में देरी का मामला सामने आया है। नेहरू अस्पताल के सर्जिकल स्टोर के चार्ज हस्तांतरण को लेकर विभागीय स्तर पर हीलाहवाली देखी गई, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, नवागत प्राचार्य ने कार्यभार संभालने के बाद सर्जिकल स्टोर पर तैनात फार्मासिस्ट को हटाकर वरिष्ठ फार्मासिस्ट गितेश चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी थी। यह स्टोर खरीद प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच के दायरे में भी बताया जा रहा है। इसके बावजूद आदेश जारी होने के छह दिन बाद भी निवर्तमान फार्मासिस्ट ने चार्ज नहीं सौंपा।
आरोप है कि संबंधित फार्मासिस्ट अक्सर स्टोर रूम बंद कर अनुपस्थित रहते थे और कार्यस्थल पर सहायक को भी साथ ले जाते थे। मंगलवार को यह मामला प्राचार्य के संज्ञान में आया, जिसके बाद बुधवार सुबह उन्होंने स्वयं निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जब स्टोर की स्थिति और चार्ज हस्तांतरण को लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। इस पर प्राचार्य ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित फार्मासिस्ट को नोटिस जारी किया और 24 घंटे के भीतर चार्ज सौंपने के निर्देश दिए। चेतावनी पत्र जारी होने के बाद संबंधित फार्मासिस्ट ने चार्ज हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।