दो एकड़ जमीन पर होगी स्थापना, लखनऊ-दिल्ली रूट के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
गोरखपुर। शहर के बरहुवां क्षेत्र में जल्द ही निजी बस अड्डे का निर्माण पीपीपी मोड पर किया जाएगा। इसके लिए करीब दो एकड़ जमीन उपलब्ध हो गई है। बस अड्डा बनने से विशेष रूप से लखनऊ, दिल्ली समेत अन्य लंबी दूरी के मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क पर बेतरतीब खड़ी कर सवारी बैठाने वाली निजी बसों से लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
वर्तमान में निजी बसों के संचालन और पार्किंग को लेकर यात्रियों व निजी परिवहन संचालकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नए बस अड्डे के निर्माण से बसों के सुव्यवस्थित संचालन के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे शहर में यातायात व्यवस्था में भी राहत मिलेगी। परियोजना को लेकर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बस अड्डे के विकास, संचालन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। अड्डे के संचालन की मॉनिटरिंग क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की ओर से की जाएगी, जिससे बसें सड़क पर न खड़ी हो सकें।
वहीं परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह का कहना है कि बस अड्डा शुरू होने के बाद निजी बसों के संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। सड़क पर बसों से लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
यह होगी सुविधा
निजी बस स्टेशन बनाए जाने में इसमें यात्रियों के लिए शौचालय, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की सुविधा, खाने पीने के लिए कैंटीन, परिसर में हरियाली विकसित करने के साथ ही बसों के प्रवेश व निकास के लिए दो एंट्री गेट भी बनेंगे। वहीं यात्रियों के पीक व ड्रॉप के लिए भी ऑटो व वाहनों के लिए जगह बनाए जाएंगे।
प्रतिदिन शहर से 48 निजी बसों का होता है संचालन
नौसड़ से निजी बसों का संचालन निजी ऑपरेटर करते हैं। इसको लेकर लगभग 48 निजी बसों का आवागमन प्रतिदिन होता है। यह सड़क के किनारे खड़े रहते हैं जिससे जाम लगता है। बस स्टेशन बनने से इससे निजात मिलेगी।
बस अड्डा शुरू होने के बाद निजी बसों के संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। साथ ही आए दिन निजी बसों के सड़क पर खड़े होने की वजह से लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा।
- अरुण कुमार, एआरटीओ, संभागीय परिवहन विभाग