- कीमतें बढ़ने से अलोकप्रिय घोषित हो चुकी हैं कई संपत्तियां
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) अपनी 100 से अधिक संपत्तियों के दाम घटाएगा। हर साल दरें बढ़ने और देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे इन संपत्तियों के पुराने और क्षतिग्रस्त होने की वजह से भी इनकी बिक्री नहीं हो पा रही है। इसमें रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित आवासीय योजना वसुंधरा व लोहिया एन्क्लेव के करीब 50 फ्लैट समेत 100 से अधिक आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं। प्राधिकरण बोर्ड बैठक में चयनित कमेटी की ओर से दरों का पुनर्निधारण करने के लिए शासन को भेजे गए प्रस्ताव पर जून के पहले पखवारे तक मुहर लग जाने की उम्मीद है।
दाम घटाने को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने आवास विभाग के उच्चाधिकारियों से अनुरोध किया है। दरें कम होने से जहां आमजन का संबंधित परियोजनाओं में आवास, दुकान व कार्यालय का सपना साकार हो जाएगा, प्राधिकरण की भी आय बढ़ जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही शासन से अनुमति मिल जाएगी जिसके बाद दरें संशोधित कर फिर से इनके आवंटन के लिए पंजीकरण शुरू किया जाएगा।