-सदर विधायक ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। विश्व अल्जाइमर दिवस पर सदर सीएचसी में जागरूकता गोष्ठी आयोजित हुई। इसका शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने किया। उन्होंने कहा कि बीमारियों के बारे में पर्याप्त जानकारी रखकर ही हम उससे मुकाबला कर सकते हैं।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. श्याम बाबू ने कहा कि अल्जाइमर मेंटल हेल्थ से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसमें लोगों की मेमोरी पाॅवर कमजोर होने के साथ ही सोचने-समझने की क्षमता कम होने लगती है। आमतौर पर यह समस्या 60 वर्ष के बाद होती है, लेकिन मौजूदा समय में युवा भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। बीमारी जल्द पकड़ में न आए तो स्थिति इस हद तक पहुंच सकती है कि व्यक्ति का नाम क्या है, कहां रहता है, यह सारी बातें भी भूलने लगता है।
इसलिए वक्त रहते इस बीमारी का पता लगाना बेहद जरूरी है। इसी कारण से अल्जाइमर के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हर साल ‘वर्ल्ड अल्जाइमर्स डे मनाया जाता है। इससे बचाव के लिए योग, प्राणयाम, व्यायाम की आदत प्रतिदिन डालनी चाहिए। खुद को सक्रिय रखना भी जरूरी है।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह ने कहा कि अल्जाइमर की बीमारी पूरी तरह ठीक तो नहीं हो सकती। लेकिन, मरीज के जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है। ऐसी कई दवाएं हैं, जिनके प्रयोग से मरीज के व्यवहार में सुधार लाया जा सकता है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. राजेंद्र प्रसाद, बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह, फिरोज आलम, बीसीपीएम लवली वर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, डाॅ. रोमा गुप्ता, डाॅ. पुनीता शर्मा मौजूद रहे।